Sirmaur Uday

विचार से विकास

राजगढ़ उपमंडल में तीन जिलों के केंद्र बिंदू सनौरा में सफाई व्यवस्था चरमराई

राजगढ़ उपमंडल में तीन जिलों के केंद्र बिंदू सनौरा में सफाई व्यवस्था रामभरोसे हैं।  बाजार के आसपास कूड़े कचरे के ढेर आगंतुको के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अतिरिक्त इस स्थान पर आने जाने लोगों के लिए शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है।विशेषकर महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इस स्थल से प्रतिदिन शिमला, सोलन और सिरमौर जिले के हजारों वाहन गुजरते हैं।  इसके अतिरिक्त सनौरा में सब्जी मंडी भी कार्यरत है, जहां पर सिरमौर के अतिरिक्त सीमा पर लगते सोलन व जिला शिमला के किसान अपनी नकदी फसलों को बेचने के लिए आते हैं। परंतु इस सब्जी मंडी में किसानों के लिए शौचालय, पानी, प्रतीक्षालय की कोई सुविधा नहीं है। बता दें कि स्थानीय मार्किट व निजी सब्जी मंडी से निकलने वाले कचरा के निष्पादन की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है।  जिसके कारण सनौरा में गंदगी का काफी आलम है और जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। सनौरा पंचायत मुख्यालय की हालत देखकर सरकार के स्वच्छता अभियान के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। यही नहीं सनौरा में लावारिस पशुओं के झुडं भी देखने को मिलते हैं। फोकल पवांईट होने के कारण यहां से राजगढ़, नेरीपुल, छैला, पुलवाहल व धामला इत्यादि के लिए प्रतिदिन हजारों छोटी बड़ी गाड़ियों व बसों का आना जाना लगा रहता है। जिस कारण सनौरा में हमेशा लोगों की भीड़ लगी रहती है। बस का इंतजार करने वाली सवारियों को विशेषकर महिलाओं को शौचालय सुविधा न होने से बहुत परेशानी पेश आती है। सनौरा में विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान राकेश कुमार, नरेन्द्र ठाकुर, निहाल सिंह ने सरकार से मांग की है कि सनौरा में सुलभ शौचालय बनाया जाए, ताकि यहां पर प्रतिदिन आने वाले किसानों के अलावा सैंकड़ों लोगों को कोई असुविधा न हो। उधर करगानू पंचायत के उपप्रधान विक्रम ने बताया कि शौचालय के लिए भूमि उपलब्ध न होने के कारण शौचालय निर्मित करने में समस्या पेश आ रही है। सनौरा में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए आढ़तियों व स्थानीय दुकानदारों को पंचायत द्वारा मौखिक रूप से अनेकों बार आग्रह किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *