पांवटा साहिब (सिरमौर):मानपुर देवड़ा में खैर के पेड़ों की कथित अवैध कटाई को लेकर मामला अब जोर पकड़ता जा रहा है। शनिवार को हिंदू संगठनों ने इस मुद्दे पर फॉरेस्ट विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जोरदार घेराव किया। संगठन ने आरोप लगाया कि तीन दिन पूर्व सौंपे गए ज्ञापन पर अभी तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने फॉरेस्ट विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं विभागीय अधिकारी भी वहां पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच संवाद के बाद माहौल शांत हुआ और प्रदर्शनकारियों ने मंच पर बैठकर अधिकारियों के साथ वार्ता की।सूचना मिलते ही पांवटा साहिब के एसडीएम और डीएसपी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि मामले की जांच प्राथमिकता पर की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।इस दौरान हिंदू संगठन ने दो प्रमुख मांगें दोहराईं। पहली—डेंटल कॉलेज के समीप बीते दो दशकों से बसी बांग्ला बस्ती को तत्काल खाली करवाया जाए, और दूसरी—पांवटा साहिब क्षेत्र में सक्रिय घुमंतू गुर्जरों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो वे दोबारा उग्र आंदोलन की राह पकड़ेंगे।