सोशल मीडिया पर भारत विरोधी आपत्तिजनक पोस्ट डालने के मामले में पांवटा साहिब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुलेमान पुत्र फरजाप (उम्र 44 वर्ष), निवासी गांव अब्दुल्लापुर, डाकघर कुरड़ी खेड़ा, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बद्रीपुर में सब्जी और फल बेचने का कार्य करता है।
थाना प्रभारी देवी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को आज 9 जून 2025 को पांवटा साहिब की अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 12 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम मामले की गंभीरता को देखते हुए सघनता से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल जारी है।
यह कार्रवाई अभियोग संख्या 119/25, दिनांक 27 मई 2025 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 के तहत दर्ज मामले में की गई है। आरोपी ने हाल ही में अपनी फेसबुक आईडी से भारत विरोधी और आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी, जिससे जनभावनाएं आहत हुईं और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
जांच अधिकारी एएसआई गोपाल कृष्ण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और इलेक्ट्रॉनिक डेटा के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करें और यदि कोई आपत्तिजनक या देश विरोधी सामग्री दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस थाना या साइबर सेल को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।