नाहन में नवोदय विद्यालय के पास एक टिप-ट्रेलर (ट्रक) को जाली नंबर प्लेट के साथ चलते हुए पकड़ा गया। यह कार्रवाई आर टी ओ सोना चंदेल की सूचना पर की गई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को जब्त कर लिया और चालक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर टी ओ नाहन ने पुलिस चौकी कच्चा टैंक को सूचना दी कि नवोदय स्कूल के पास एक टिप-ट्रेलर नंबर HR58D-2042 को जांच के लिए रोका गया है, लेकिन जांच में पाया गया कि ट्रक में लगी नंबर प्लेट असली रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) से मेल नहीं खा रही है।जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आर टी ओ ने बताया गया कि उक्त ट्रक में बजरी लोड थी और उस पर लगी नंबर प्लेट किसी अन्य गाड़ी की है। इसके अतिरिक्त, ट्रक से कुल 5 अलग-अलग नंबर प्लेटें भी बरामद की गईं, जिनमें HR58C-0266 (1 प्लेट), HR58C-1508 (2 प्लेटें) और HR58C-7463 (2 प्लेटें) शामिल थीं।पुलिस पूछताछ में ट्रक चालक ने अपना नाम सुधीर कुमार पुत्र सतपाल सिंह, निवासी अलीपुर कला, तहसील सदर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) बताया। जब उससे वाहन के कागजात मांगे गए, तो वह केवल आर सी की एक छायाप्रति ही दिखा सका। जांच में सामने आया कि ट्रक का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर HR58C-1508 है, जबकि उस पर फर्जी तरीके से HR58D-2042 नंबर प्लेट लगाई गई थी।चैसी और इंजन नंबर के मिलान से पुष्टि हुई कि यह नंबर प्लेट जानबूझकर असली पहचान छिपाने के लिए लगाई गई थी। पुलिस ने इसे गंभीर धोखाधड़ी मानते हुए ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। ट्रक मालिक और चालक दोनों पर संदेह है कि उन्होंने यह कार्य किसी अनुचित लाभ के उद्देश्य से किया है।इस संबंध में पुलिस थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 340(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।वहीं आर टी ओ सोना चंदेल ने बतायाकि लौटते समय एक अन्य ट्रक को भी चेंकिंग के लिए रोका गया तो उसमे भी जाली नंबर प्लेट पाए गए। इस मामले में भी कार्यवाई की गयी है। उल्लेखनीय हैकि पिछले मास पूर्व भी क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने ऐसे ही मामलों पर कार्यवाई की थी। ये लोग सरकारी एजेंसियों को गुमराह करने के उदेशीय से इस तरह का फर्जीवाड़ा करते आ रहे हैं। लेकिन अब विभाग की कार्यवाई लगातार होने से इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जगी है।