Sirmaur Uday

विचार से विकास

नाहन में दो सड़का में गिरा पेड़ ,मार्ग हुआ बंद ,बिजली तारें टूटी ,लगा रहा जाम

नाहन के दोसड़का क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया जब सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक गिर पड़ा। पेड़ गिरने से न केवल नाहन-काला अंब-पांवटा साहिब मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, बल्कि बिजली की लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

गनीमत रही कि हादसे के समय कोई वाहन पेड़ के नीचे नहीं आया, अन्यथा गंभीर जानमाल की हानि हो सकती थी। गिरते हुए पेड़ ने सड़क किनारे गुजरती हाई वोल्टेज बिजली की तारों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। नाहन से तुरंत जे सी बी  मशीन मौके पर भेजी गई, जो सड़क से पेड़ हटाने में जुट गई है। साथ ही बिजली विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुँची और टूटे तारों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया।