रेणुका जी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तिरमली दायर गांव में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शातिर चोर ने न केवल एक सूने मकान में सेंध लगाई, बल्कि वारदात को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक उसी घर में आराम फरमाता रहा। चोर की इस बेखौफ हरकत ने स्थानीय निवासियों और पुलिस को हैरत में डाल दिया है।
इस चोरी का खुलासा तब हुआ जब घर के मालिक महेंद्र सिंह और उनकी पत्नी रूपा चंडीगढ़ से वापस लौटे। जानकारी के अनुसार, दंपति अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए 19 फरवरी को चंडीगढ़ गए हुए थे। करीब एक हफ्ते बाद जब वे वापस अपने घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए देख उनके होश उड़ गए। घर के अंदर प्रवेश करने पर सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारियां खुली पड़ी थीं।
पड़ोसियों से पूछताछ करने पर महेंद्र सिंह को पता चला कि 19 फरवरी के बाद से ही एक अनजान व्यक्ति उनके घर में देखा गया था। वह व्यक्ति बेखौफ होकर घर के किचन में खाना बना रहा था और वहीं सो रहा था। कई दिनों तक घर में रहने के बाद, आरोपी चांदी की पायल और लगभग 6,500 रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और आस-पड़ोस के लोगों के बयानों के आधार पर संदिग्ध की तलाश की जा रही है।