Sirmaur Uday

विचार से विकास

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का दौरा, नहीं उम्मीदें पर उतरा खरा, केवल विपक्ष को कोसने का हुआ कम, राजीव बिंदल 

नाहन में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कहा कि लम्बे अरसे के बाद मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का नाहन विधानसभा क्षेत्र का दौरा हुआ। जिला सिरमौर का और नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता को भारी भरकम उम्मीदें थी कि मुख्यमंत्री आएंगे और इलाके की जनता को कुछ प्राप्त होगा परन्तु वो आये और विरोधियों को कोस कर चले गए।

डॉ. बिन्दल ने आरोप लगाया कि 40 महीने की कांग्रेस सरकार ने सिरमौर जिला को अनेकोनेक जख्म दिए। कांग्रेस के सत्ता में आते ही 50 से ज्यादा संस्थानों को ताले लगाकर सिरमौर की जनता को उपहार दिया और इस उपहार के लिए सिरमौर जिला के कांग्रेस विधायक भी उतने ही दोषी है जितने सरकार के मुखिया। नाहन विधानसभा क्षेत्र की उप-तहसील को ताला लगाया, 5 पटवार सर्कल को ताला लगाया, 5 वैटनरी अस्पताल, 4 प्राईमरी हैल्थ सैन्टर, 9 स्कूलों को बंद करके इलाके की जनता के उपर कहर की तरह कांग्रेस की सरकार बरसी। उम्मीदे थी कि मुख्यमंत्री आयेंगे जो संस्थान मुख्यमंत्री ने बंद किए हैं, उन्हें तो खोलेंगे ही साथ में और संस्थान भी देंगे परन्तु जनता की उम्मीदों पर पानी फिर गया।

डॉ. बिन्दल ने आरोप लगाया कि केवल अपनी राजनीति चमकाने के लिए हजारों-हजारों मरीजों के जीवन के साथ खिलवाड़ करते हुए 261 करोड़ रू0 की लागत से बन रहे अस्पताल व मैडिकल कॉलेज भवन का कार्य बंद करा दिया और भवन को खंडहर में तबदील कर दिया।

पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के दौरान स्वीकृत की गई धनराशियों से निर्मित कार्यों के उद्घाटन करके केवल झूठा यश लेने का प्रयास हो रहा है व केन्द्र सरकार द्वारा प्रदत्त प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना व अन्य योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत राशियों के शिलान्यास एवं उद्घाटन करके जनता को भ्रमित नहीं किया जा सकता।