जिला सिरमौर में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। SIU और साइबर सेल नाहन की संयुक्त टीम ने पुरुवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत अवैध पिस्टल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूसों को बरामद किया है
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि मेहरबान उर्फ अरबाज (22), निवासी मैहरुवाला (पांवटा साहिब), इलाके में अवैध पिस्टल और देसी कट्टों की खरीद-फरोख्त का काम करता है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और वर्तमान में भी उसके पास अवैध हथियार मौजूद है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए आरोपी के घर पर छापेमारी की।तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और 8 जिंदा कारतूस (रौंद) बरामद किए।
एस पी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुरुवाला पुलिस ने आरोपी मेहरबान उर्फ अरबाज के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 30 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।