सिरमौर जिला के अंतर्गत नवगठित ग्राम पंचायत कुफर केंथु के गठन पर क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा एक भव्य आभार एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय विनय कुमार का ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से सिक्कों से तोलकर सम्मानित करते हुए उनका आभार प्रकट किया।
विनय कुमार ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत कुफर केंथु का गठन क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के विशेष प्रयासों से पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत के गठन से क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को प्रशासनिक सुविधाएँ अपने नजदीक ही उपलब्ध होंगी और नई पंचायत बनने से क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास में तेजी आएगी और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा।