Sirmaur Uday

विचार से विकास

रेणुका बांध परियोजना: डायवर्शन टनल उद्घाटन से पहले विस्थापितों का जोरदार विरोध प्रदर्शन,विधायक विनय कुमार ने दिया आश्वासन।

गिरी नदी के समीप प्रस्तावित श्री रेणुका बांध परियोजना में डायवर्शन टनल के उद्घाटन से पहले ही श्री रेणुका बांध जन संघर्ष समिति ने विरोध का बिगुल बजा दिया। समिति के आह्वान पर विभिन्न क्षेत्रों से आए विस्थापितों ने एकत्र होकर बांध प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और अपनी मांगों को लेकर रोष व्यक्त किया।

संघर्ष समिति के पदाधिकारियों योगेंद्र कपिला ,प्रताप सिंह तोमर   ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों को नज़रअंदाज़ करते हुए बांध प्रबंधन कार्य शुरू करने जा रहा है, जिससे प्रभावित परिवारों में भारी असंतोष है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक विस्थापितों के पुनर्वास, मुआवज़ा और अन्य अधिकारों को सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक इस तरह के कार्यों का विरोध जारी रहेगा।

बताते चलें कि जहां पर डायवर्शन टनल बननी है वहां पर रह रहे परिवारों में से पहले 9 लोगों को चिन्हित किया गया जिसमें से 3 परिवारो को पहले बाहर का रास्ता दिखाया गया उसके बाद फिर 4 परिवारों की बारी आई बाद में अब इस सूची में 2  ही परिवार बचे हैं उसका भी पता नहीं कि कब उन्हें बाहर किया जाए।बाकी के 7 परिवार इस तुगलकी फरमान के बाद सड़क पर आ गए हैं उन्हें चिंता सता रही है कि वह कहां जाएं।

उधर, बांध प्रबंधन द्वारा भूमि पूजन का कार्यक्रम गिरी नदी पुल के समीप आयोजित किया गया। इस अवसर पर विनय कुमार (विधायक, रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष) ने विधिवत रूप से भूमि पूजन किया।

प्रदर्शन के उपरांत संघर्ष समिति के लोग विधायक विनय कुमार से मिले जिसमें उन्होंने विस्थापितों की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्थापितों को आश्वस्त करवाते हुए कहा कि वह भी विस्थापित से तथा संघर्ष समिति के साथ है उन्होंने रखी गई मांगों पर कहा कि उन्होंने बांध प्रबंधन के उच्चाधिकारियों से बात की है जिसमें प्रबंधन द्वारा मांगे जा रहे हलफनामे में कुछ संशोधन किया गया है रोजगार पर कहा कि इसमें सर्वप्रथम पूर्ण विस्थापितों को वरियता मिलनी चाहिए।