Sirmaur Uday

विचार से विकास

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी विवाद का माफ़ी मांगने से हुआ समाधान

सोशल मीडिया पर भारतीय सैनिकों को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े विवाद का आखिरकार शांतिपूर्ण समाधान हो गया है। विवादों में आई इशिता पुंडीर ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पूर्व सैनिक संगठन इकाई राजगढ़ के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली।बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले इशिता पुंडीर द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में भारतीय सैनिकों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। जैसे ही यह वीडियो सामने आया, क्षेत्र में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली और लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व सैनिक संगठन ने राजगढ़ पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई थी।

विवाद बढ़ने के बाद इशिता पुंडीर अपने परिजनों के साथ पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों से मिलने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था।

इशिता पुंडीर ने कहाकि“मैं हाथ जोड़कर देश के सभी सैनिकों और जनता से माफी मांगती हूं। मेरी किसी भी तरह की मंशा सेना या सैनिकों का अपमान करने की नहीं थी। यह मुझसे अनजाने में हुई गलती है, जिसका मुझे बहुत पछतावा है। भविष्य में मैं इस तरह की कोई गलती दोबारा नहीं करूंगी और सभी सोशल मीडिया क्रिएटर्स से भी अपील करती हूं कि वे संवेदनशील मुद्दों पर सोच-समझकर ही कुछ साझा करें।

वहीं, पूर्व सैनिक संगठन इकाई राजगढ़ ने भी इस पूरे मामले में संयम और उदारता का परिचय दिया। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि इशिता की गलती गंभीर जरूर है, लेकिन इसे नादानी मानते हुए उन्हें माफ किया जाना चाहिए।संगठन ने यह भी घोषणा की कि इस मामले में राजगढ़ पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई शिकायत को वापस लिया जाएगा।