कालाअंब-नाहन-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-07 पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जहां कालाअंब के समीप मैन थापल में एक ट्राले की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवती की दर्दनाक मौत हो गई।मृतक युवती की पहचान नैंसी तोमर उम्र 27 वर्ष (पुत्री गंभीर सिंह) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नैंसी मूल रूप से मध्य प्रदेश (MP) की रहने वाली थी, लेकिन वर्तमान में उनका परिवार कालाअंब के मैनथापल क्षेत्र में रह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी और टिप्पर दोनों वाहन नाहन से कालाअंब की ओर जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है और टिप्पर चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भारी रोष देखा गया। लोगों का कहना है कि मोगीनंद से कालाअंब तक नेशनल हाईवे पर दोनों ओर बड़े वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है।