Sirmaur Uday

विचार से विकास

जब प्रदेश सरकार का खजाना पिछले साढ़े तीन वर्षों से विकास के लिए खाली, तो बचे वर्ष में कैसे होगा नगर निकायों में विकास – डॉ राजीव बिंदल ,जनता किसी झूठ, फरेब , गारंटियों के झांसे में आने वाली नहीं है, जनता को कांग्रेस से मोह भंग हो चुका है

नगर परिषद निकायों के लिए 17 मई को मतदान होना है और इन दिनों चुनाव प्रचार जोरों पर चला हुआ है। प्रदेश के सभी नगर निकायों में कांग्रेस और भाजपा अपने अपने समर्थित प्रत्याशियों के लिए जोर आजमाइश करने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने नाहन में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेस में बताया कि जनता कांग्रेस की गारंटियों का हिसाब मांग रही है। जो वायदे कांग्रेस के नेताओं ने किए थे चाहे महिलाओं को 1500 हर मास देने का हो या रोजगार प्रदान करने का।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में नगर परिषद चुनावों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की झूठी गारंटियों, फरेब और धोखे को पूरी तरह समझ चुकी है और आने वाले नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों में इसका करारा जवाब देने जा रही है। उन्होंने कहा कि 17 मई को नाहन नगर परिषद सहित प्रदेश की 23 नगर परिषदों, 25 ग्राम पंचायतों और चार नगर निगमों में होने वाले चुनावों में जनता कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना जनमत स्पष्ट रूप से व्यक्त करेगी।

डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है , मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू एक ही बात दोहरा रहे हैं कि सरकारी खजाना खाली है। कई मंचों से उन्होंने कहा है कि सरकार के पास विकास हेतु धनं नहीं है। जब साढ़े तीन साल में कुछ कार्य नहीं हुआ तो अंतिम एक वर्ष में धन राशि कहां से आएगी। यह बात अब जनता जान चुकी है और उनका प्रदेश सरकार से मोह भंग हो चुका है। ऐसे में नगर निकायों के चुनावों में वो इनका जवाब देगी और किसी झूठ,फरेब में नहीं आने वाली है।