Sirmaur Uday

विचार से विकास

कोलर के जंगल करौंदे वाली घाटी में मिली अधजली युवती की लाश ,मचा हड़कंप

धौलाकुआं और कोलर क्षेत्र के बीच स्थित ‘करौंदे वाली घाटी’ में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती की अधजली लाश बरामद हुई। इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या कर साक्ष्य मिटाने का प्रतीत हो रहा है, जिसमें आरोपियों ने युवती की पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास किया है।

जानकारी के अनुसार, करौंदे वाली घाटी के सूनसान इलाके में स्थानीय लोगों ने एक अधजला शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। शव काफी हद तक जल चुका है, जिससे मृतका की शिनाख्त करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एएसपी (ASP) योगेश रोल्टा ने मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से इस घटना की जांच कर रही है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों (FSL) को तैनात किया गया है और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।