राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी नंदिता गुप्ता जिला सिरमौर के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान 59-शिलाई विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में कफोटा के लोगों के साथ संवाद किया और कहा कि हिमाचल प्रदेश में चुनाव पारदर्शी तरीके से किए जाते है।
स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य में मतदाता सूची का विशेष सारांश पुनरीक्षण किया गया, जिसमें यह पाया गया कि हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के शिलाई में मतदाता लिंग अनुपात में महिलाएं कम है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के शिलाई विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में महिला मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वह शिलाई के दौरे पर है। उन्होंने कहा कि शिलाई में मतदान के लिए महिलाओं को प्रेरित करने व पंजीकरण बढ़ाने में ग्राम पंचायत व अन्य स्थानीय निकायों का भी बहुमूल्य योगदान रहता है।
राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि महिलाओं के मतगणना को बढ़ाने के लिए केंद्रित नीति बनाई गई है, जिसमें पंचायत रजिस्टर के साथ मतदाता सूची को मिलाकर सूची तैयार की जाएगी ताकि कोई भी व्यक्ति छूटे नहीं। राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 111 पोलिंग बूथ है और हर बूथ में एक बूथ स्तर अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने स्थानीय लोगों से जो अभी तक मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है को बूथ स्तर अधिकारी, निर्वाचन तहसील कार्यालय, उपमंडल अधिकारी कार्यालय, इत्यादि में संपर्क करके अपना पंजीकरण करने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ स्तर अधिकारी और मतदाता के बीच समन्वय की आवश्यकता पर भी बल दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बाहर रह रहे मतदाताओं का ऑनलाइन पंजीकरण करने तथा पुरुष व महिलाओं की गणना के डाटा को एकत्रित करने के भी निर्देश दिए।
राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मतदाता सूची से छुटे लोगों का उनके घर जाकर फॉर्म 6 भरवाने के निर्देश दिए।