आजादी के 70 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद डाडुवा से नाडी को जोड़ने वाली 5 किलोमीटर लंबी सड़क का सपना अब साकार होने जा रहा है। आज विधानसभा अध्यक्ष विनय कुमार ने इस बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की। यह पहली बार होगा जब इस क्षेत्र के ग्रामीण पक्की सड़क से जुड़ेंगे। इस सड़क को लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा।
इस सड़क निर्माण से क्षेत्र की चार पंचायतों के करीब 15 गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। दशकों से सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को कई किलोमीटर पैदल चलकर चांदनी या बिल पहुंचना पड़ता था, जहां से उन्हें बस या अन्य साधनों से आगे की यात्रा करनी पड़ती थी। कई बार बुजुर्ग, बीमार और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों की इस मांग को वर्षों से अनसुना किया जाता रहा, लेकिन अब विधानसभा अध्यक्ष विनय कुमार के प्रयासों से यह सपना हकीकत में बदलने जा रहा है। उन्होंने कहा, “आज क्षेत्र के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। आज हमने सड़क का भूमि पूजन किया है और पीडब्ल्यूडी विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य को जल्द शुरू किया जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से न केवल लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र में अब तक जो विकास रुका हुआ था, वह इस सड़क के माध्यम से गति पकड़ेगा।