उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने तीन दिवसीय सिरमौर प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज शिलाई विधानसभा में लाधी क्षेत्र की पनोग पंचायत में 25 लाख की लागत से 33 केवीए सब स्टेशन के लिए निर्मित विद्युत उपमंडल भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान पनोग पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का पारम्परिक वाद्य यंत्रों सहित भव्य स्वागत किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि इस विद्युत उपमंडल कार्यालय से शिलाई विधानसभा के लाधी क्षेत्र की सभी पंचायतों सहित कुल 20 पंचायतों के लगभग सात हज़ार बिजली उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।
उन्होंने कहा कि पनोग में 33 केवीए का सब स्टेशन भी कांग्रेस सरकार की ही देन है जोकि सुचारु रूप से कार्य कर रहा है तथा इस सब स्टेशन के स्थापित होने के उपरांत लादी क्षेत्र व हरिपुरधार क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या का समाधान हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा आरबीएस स्कीम के तहत जिला सिरमौर के लिए लगभग 155 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इस योजना के माध्यम से जिला में बिजली से अछूते तथा लो वोल्टेज की समस्या का निदान किया जाएगा। इसके तहत शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भी लगभग 175 ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए जाएंगे जिनके माध्यम से शिलाई विधानसभा क्षेत्र के साथ पांवटा साहिब तथा राजगढ़ के भी कुछ क्षेत्र लाभान्वित होंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में शिलाई विधानसभा क्षेत्र के लिए मात्र घोषणाएँ ही की गई।