Sirmaur Uday

विचार से विकास

40 हजार करोड़ कर्ज लेने के बाद भी विकास कार्य ठप, सरकारी संस्थान क्यों बंद हो रहे हैँ,*कांग्रेस सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है: डॉ. बिंदल*

प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी डाॅ. राजीव बिन्दल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार जनता के प्रति अपनी जवाबदेही से निरंतर भाग रही है। वर्ष 2022 में हिमाचल प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पार्टी को बहुमत दिया, कांग्रेस को वोट देकर सत्ता की चाबी कांग्रेस के हाथ में दी। किन्तु इस सरकार के 3 साल पूरे हो गये और इन 3 सालों में कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस की सरकार, कांग्रेस के मुख्यमंत्री और मंत्रियो ने आज तक हिमाचल प्रदेश के जनमानस की सुध नहीं ली।
  डॉ. राजीव बिंदल आज मंगलवार को नाहन में भाजपा माता त्रिलोकपुर मण्डल नाहन की संगठनात्मक बैठक में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे
डाॅ. बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता लगातार एक ही बात कहकर नेरेटिव बनाने का प्रयास कर रहे हैं और वो है भारतीय जनता पार्टी को कोसना, भारतीय जनता पार्टी को गाली देना। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को दायित्व दिया है, सरकार  कांग्रेस की है, मुख्यमंत्री और मंत्रीगण कांग्रेस के हैँ, तो ऐसे में जनता कांग्रेस सरकार और कांग्रेस पार्टी से अपेक्षा करती है कि वो उनकी चिंता करे, परन्तु हो इसके विपरीत रहा है।
  प्रदेश की जनता जानना चाहती है 40 हजार करोड़ का कर्ज लेने के बावजूद स्कूल, काॅलेज, अस्पताल बंद क्यों हो रहे हैं ? विकास बंद क्यों है ? इन सब सवालों के जवाब तो कांग्रेस सरकार को देने ही पड़ेंगे।