नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ है। लंबे समय से लंबित सैनवाला–झामेरिया–बोगड़िया–जमनवाला–चरूवाला–कोटला लिंक रोड (11.5 किमी) को भारत सरकार द्वारा FCA के तहत फॉरेस्ट क्लियरेंस प्रदान कर दी गई है। लगभग ₹6.97 करोड़ की लागत से प्रस्तावित यह सड़क क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि इन स्वीकृतियों के पीछे उनकी निरंतर व्यक्तिगत मेहनत, दिल्ली और शिमला स्तर पर लगातार फॉलो-अप, तथा विभागों के साथ सशक्त समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है और यह उपलब्धि जनता के निरंतर सहयोग का परिणाम है।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए विधायक सोलंकी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी की दूरदर्शी सोच, ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण और सतत प्रशासनिक समर्थन के कारण नाहन विधानसभा तेज गति से विकास के नए युग में प्रवेश कर रही है।