पांवटा साहिब के नगर परिषद मैदान में चल रही श्रीमद् भागवत कथा इन दिनों श्रद्धा और आस्था का केंद्र बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक चित्रलेखा अपनी मधुर, ओजस्वी और भावपूर्ण वाणी से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर रही हैं। कथा सुनने के लिए क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पांवटा साहिब पहुंच रहे हैं।
कथावाचक चित्रलेखा देश-विदेश में अपनी कथाओं के लिए जानी जाती हैं। वे श्रीमद् भागवत कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति मार्ग, संस्कार, नारी सम्मान और मानव जीवन के मूल्यों पर सरल एवं भावनात्मक ढंग से प्रकाश डालती हैं। उनकी कथा शैली की विशेषता यह है कि वे धार्मिक प्रसंगों को आम जनजीवन से जोड़कर प्रस्तुत करती हैं, जिससे हर वर्ग के लोग कथा से आत्मिक रूप से जुड़ते हैं।