Sirmaur Uday

विचार से विकास

नाहन चौगान में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने ध्वज फहराकर भव्य परेड की ली सलामी

77वें गणतंत्र दिवस जिला स्तरीय समारोह नाहन के ऐतिहासिक चौगान में बडे़ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसकी अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की।

कार्यक्रम का आगाज विधानसभा अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड द्वारा दी गई सलामी लेकर किया गया। परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, सहित विभिन्न स्कूलों की 16 टुकड़ियों ने भाग लिया। इस परेड का नेतृत्व पुलिस उप निरीक्षक अच्छर सिंह ने किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी, भारत के इतिहास में एक ऐसी तारीख है जब भारतीय गणतंत्र की नींव रखी गई, इसी दिन सन 1950 को स्वतंत्र भारत देश ने अपने संविधान को अपनाया था, जिसके साथ भारत सही अर्थो में गणतंत्र बना। उन्होंने देश व प्रदेश के महान सपूतों और देशभक्तों को नमन किया, जिन्होंने देश को स्वाधीनता दिलवाने में कुर्बानियां दी।

उन्होंने संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि आज के दिन हम सब देशवासी उन सभी दूरदर्शी जन नायको का कृतज्ञतापूर्वक स्मरण करते है जिन्होंने हमारे भव्य और प्रेरक संविधान के निर्माण में अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के शांतिप्रिय नागरीको ने सदैव संविधान के मूल्यों एवं सामाजिक सौहार्द को सशक्त किया और संविधान के आदर्शो के प्रति सदैव अपनी निष्ठा व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न चुनौतियों को स्वीकार करते हुए प्रदेश सरकार ने आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए नए संसाधनों के सृजन पर बल दिया है। संसाधनों के सही इस्तेमाल से राज्य को पिछले 3 वर्षो में 26 हजार 683 करोड़ रूपये राजस्व की प्राप्ति हुई है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पहला ऐसा राज्य है जहां निराश्रित बच्चों को सहारा प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत सरकार ने एक अभिभावक के रूप में इन बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट का दर्जा प्रदान किया है। ऐसे लगभग छः हजार बच्चों की शिक्षा, स्टार्ट-अप आरंभ करने, घर बनाने के लिए भूमि एवं धनराशि सहित अन्य सुविधाएं प्रदान करने की जिम्मेदारी सरकार उठा रही है।

उन्होंने हरित क्रांति व श्वेत क्रांति का श्रेय देशवासियों को देते हुए कहा कि आज देश में औद्योगीकरण बडा है, हर क्षेत्र मे हम आगे बडे है। उन्होंने प्रदेश के विकास में पूर्व की सरकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के विकास में हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की अहम भूमिका रही है

इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने डाॅ. यशवंत सिंह परमार स्मारक व शहीद स्मारक पर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें रीत व पुष्पांजलि भी अर्पित की।