उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में आयोजित सिरमौर कबड्डी लीग के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
हर्षवर्धन चौहान ने पांवटा साहिब में आयोजित सिरमौर कबड्डी लीग खेल-कूद प्रतियोगिता के लिए आयोजकों व प्रतिभागियों को इस प्रतियोगिता के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का उपयुक्त मंच उपलब्ध होता है।
उन्होंने कहा कि खेल जीवन के लिए नितांत महत्वपूर्ण है। खेलों से न केवल शारीरिक व मानसिक विकास होता है बल्कि व्यक्तित्व का भी विकास होता है, वहीं खेलों के माध्यम से युवा अपने आप को समाज में व्यापक कुरीतियों तथा अनेक प्रकार के व्यसनों से सुरक्षित रख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों की ओर संचारित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार खेल गतिविधियों को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दे रही है। यह पहल न केवल राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत कर रही है, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित कर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। उद्योग मंत्री ने कहा हमें गर्व है कि शिलाई विधान सभा क्षेत्र की चार लड़कियों ने अंतराष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खेल कूद प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत कर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आकर्षक प्रोत्साहन देने के साथ-साथ सरकार ने अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल ढांचे के विकास पर भी कार्य किया है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और अंतरराज्यीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष राज्य सरकार ने पैरालंपिक, एशियाई, राष्ट्रमंडल खेलों और विश्व कप में पदक जीतने या भाग लेने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को लगभग 17 करोड़ 50 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों को उचित व संतुलित पोषण सुनिश्चित करने के लिए आहार भत्ता भी बढ़ाया गया है। विद्यालयों में भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है ताकि छात्रों को अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को सम्मान राशि के साथ-साथ सरकारी नौकरियों में आरक्षण देकर उन्हें सम्मानजनक पदों पर नियुक्तियां प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में खेल संरचना के विकास के साथ-साथ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे बहुआयामी प्रयास निश्चित तौर पर प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में दूरगामी भूमिका निभाएंगे।