Sirmaur Uday

विचार से विकास

धरनों-नारों में उलझी कांग्रेस सरकार शासन चलाने में विफल — जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही: बिंदल

पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा-प्रशिक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत आज सिरमौर जिला भाजपा कार्यालय, नाहन में शिमला संसदीय क्षेत्र की कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला में विशेष रूप से भाजपा हिमाचल प्रभारी श्रीकांत शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसदगण, विधायकगण तथा शिमला संसदीय क्षेत्र के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला में संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा और मंथन किया गया, जिनमें बूथ प्रबंधन, केंद्र सरकार की उपलब्धियां, वैचारिक अधिष्ठान, भाजपा का इतिहास और विकास, संगठन कार्यपद्धति तथा सोशल मीडिया जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।

प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार, जो सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही है, शासन चलाने के बजाय धरने-प्रदर्शन की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री और मंत्री स्वयं धरनों में बैठे दिखाई दिए, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में असामान्य स्थिति है।

बिंदल ने कहा कि हालिया विधानसभा सत्र में भी सत्तारूढ़ दल के विधायक और मंत्री तख्तियां लेकर सदन से बाहर आए और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए, जबकि यह भूमिका सामान्यतः विपक्ष की होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन सरकार इन मूल मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल राजनीतिक नारों में व्यस्त है

उन्होंने कहा कि यदि सरकार को विरोध की राजनीति ही करनी है तो सत्ता छोड़कर विपक्ष की भूमिका निभाए, लेकिन शासन करते हुए जनता को परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी चुनावी गारंटियों को पूरा करने में असफल रही है और अब जिम्मेदारी से बचने के लिए राजनीतिक मुद्दे खड़े कर रही है।