Sirmaur Uday

विचार से विकास

उद्योग मंत्री ने डाहर में आयोजित हाटी चैंपियनशिप क्रिकेट प्रतियोगिता में की शिरकत

उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज जिला सिरमौर की शिलाई विधान सभा क्षेत्र की डाहर पंचायत में आयोजित हाटी चैंपियनशिप क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। डाहर पहुँचने पर क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों सहित गर्मजोशी के साथ उद्योग मंत्री का स्वागत किया।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि नव प्रभात नवयुवक संघ डाहर केलवी द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का उपयुक्त मंच उपलब्ध हुआ।

उन्होंने कहा खेल जीवन के लिए नितांत महत्वपूर्ण है, खेलों से न केवल शारीरिक व मानसिक विकास होता है बल्कि व्यक्तित्व का भी विकास होता है। उन्होंने कहा प्रत्येक व्यक्ति के लिए खेल आवश्यक है और जीवन में सभी को खेल जरूर खेलने चाहिए। इससे युवा अपने आप को समाज में व्यापक कुरीतियों तथा अनेक प्रकार के व्यसनों से सुरक्षित रख सकते हैं।
उद्योग मंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की हैं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और अंतरराज्यीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को सम्मान राशि के  साथ-साथ सरकारी नौकरियों में आरक्षण देकर उन्हें सम्मानजनक पदों पर नियुक्तियां भी प्रदान कर रही है।
इस प्रतियोगिता का फ़ाइनल मुक़ाबला डीएनएम कांसर  तथा वाईसीसी गेहल  के बीच खेला गया जिसमें विजेता वाईसीसी गेहल तथा उपविजेता डीएनएम कांसर टीम रही।
उद्योग मंत्री ने हाटी चैंपियनशिप क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 की विजेता टीम वाईसीसी गेहल  को 2 लाख की नकद राशि व ट्रॉफी तथा उपविजेता डीएनएम कांसर टीम को 1 लाख नकद राशि व ट्रॉफी दे कर पुरस्कृत किया। इस प्रतियोगिता में अंधेरी को तीसरा स्थान प्राप्त करने पर 11 हज़ार की नकद राशि प्रदान की गई।