Sirmaur Uday

विचार से विकास

कुत्तों से बचता तेंदुआ ,नाहन के जोगी बन का है मामला ,बकरियों के फार्म में घुसा तेंदुआ; दो लोग घायल, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

नाहन विधानसभा क्षेत्र की सतीवाला पंचायत के जोगीबन में एक तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मच गया। तेंदुए के हमले से दो लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को ट्रैंक्वुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।

रविवार देर रात जोगी बन स्थित सागर के बकरी फार्म में तेंदुआ बिना आहट के घुस गया। जानकारी मिली है कि बकरियों तक पहुंचने से पहले उसने बच्चे वाली कुतिया पर हमला कर दिया। तेंदुए की मौजूदगी से भनक से अन्य कुत्ते भौंकने लगे और मौके पर एकत्रित हो गए। कुत्तों की सक्रियता के कारण तेंदुआ बाड़े में ही दुबका रहा और रात भर बाहर नहीं निकला।

सोमवार सुबह करीब 9 बजे जैसे ही फार्म मालिक का बेटा और एक अन्य स्थानीय व्यक्ति मौके पर पहुंचे तो डरे सहमे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। इस बीच जैसे ही वह बाहर निकला तो कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। अपने बचाव में भागता हुआ तेंदुआ मारकंडा नदी की ओर पहुंचा, जहां पानी में कुत्तों और तेंदुए के बीच जोरदार भिड़ंत हुई।

सूचना मिलते ही डीएफओ नाहन अवनी भूषण राय ने श्री रेणुकाजी से वाइल्ड लाइफ टीम को आपात स्थिति में मौके पर बुलाया।टीम ने पहुंचकर तेंदुए को ट्रैंकुलाइज कर काबू में लिया और पिंजरे में सुरक्षित बंद कर लिया। डीएफओ ने बताया कि चिकित्सक ने तेंदुए का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया है। ऊपरी तौर पर उसे हल्की चोटें आई हैं और अंदरूनी चोटों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शारीरिक रूप कमजोर पाए जाने पर उसे शिमला के टूटीकंडी रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा और यदि वह पूर्ण स्वस्थ हुआ तो प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।