समाजसेवी नाथूराम चौहान की अध्यक्षता में कफोटा उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय का शांतिपूर्ण ढंग से घेराव किया गया। लगभग दोपहर 1 बजे सभी आंदोलनकारी उपमंडलाधिकारी कार्यालय पहुँचे, किंतु उपमंडलाधिकारी लगभग 3 बजे कार्यालय पहुँचे। इस दौरान प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक कार्यालय के बाहर बैठे रहे।
नाथूराम चौहान ने कहा कि तीन माह पूर्व कमरऊ में हुए जनआक्रोश प्रदर्शन के समय प्रशासन तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 21 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण, दोनों ओर फुटपाथ तथा चार ऊपरी पुल (ओवरब्रिज) बनाने का आश्वासन दिया गया था। परंतु आज तक केवल अव्यवस्थित ढंग से लगाए गए स्पीड ब्रेकरों के अतिरिक्त कोई ठोस कार्य आरंभ नहीं हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा।
उपमंडलाधिकारी के पहुँचने पर आंदोलनकारियों ने अपनी मांगें विस्तार से रखीं। उपमंडलाधिकारी ने प्रत्येक संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए एक सप्ताह का समय माँगा।उपमंडलाधिकारी की बात को नाथूराम चौहान सहित सभी आंदोलनकारियों ने स्वीकार किया, किंतु चौहान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर समाधान नहीं हुआ तो आगामी स्थिति के लिए प्रशासन तथा संबंधित विभाग पूर्णतः उत्तरदायी होंगे।