Sirmaur Uday

विचार से विकास

तो क्या नाखुनो के लिए हुई मादा तेंदुए से क्रूरता ,पोस्ट मार्टम ने खोले कई राज ,2  लोग हुए गिरफ्तार 

वन विभाग को सतीवाला पंचायत में एक कलवर्ट में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर वन विभाग ने श्री रेणुकाजी से वन्य प्राणी विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। करीब तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मादा तेंदुए को कलवर्ट से सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे नाहन से शिमला के टूटीकंडी स्थित एनिमल रेस्क्यू सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई थी। चूंकि, 2 साल की ये मादा तेंदुआ शेड्यूल-1 की प्रजाति में आती है, लिहाजा उसका पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में पता चला कि तेंदुए के शव पर कुत्तों के काटने के निशान मिले। साथ ही इसके पैर पर किसी धारदार हथियार से भी हमले का रिपोर्ट में खुलासा हुआ।  तेंदुए के पैरों में कुल 18 नाखून होते हैं। इनमें से अगले पैर से 4 नाखून गायब थे, जो किसी धारदार हथियार से काटे गए।

डीएफओ नाहन अवनी भूषण राय ने बताया कि 25 फरवरी को विभाग को तेंदुए की मौत की जानकारी मिली थी। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेंदुए की मौत के कारणों की पुष्टि हुई। इसके बाद विभाग ने अपने लेवल पर एक टीम गठित की और मामले में आगामी जांच शुरू की। जैसे ही टीम बकरी फार्म जोगीबन पहुंची तो वहां लगे सीसीटीवी से फुटेज कब्जे में लिए। सीसीटीवी फुटेज से साफ पता चला कि तेंदुआ बाड़े में बंद था। वहां दो व्यक्ति एक फार्म का मालिक शक्ति उर्फ बंटी और दूसरा वहां काम करने वाला नीरज घटना के दिन बाड़े में मौजूद थे। दोनों के हाथों में धारदार हथियार थे। एक के हाथ में दराट तो दूसरे के हाथ में कुल्हाड़ी थी। साथ ही डंडे और पत्थर आदि भी उनके हाथ में थे। ये दोनों बाड़े के भीतर पहुंचते हैं। करीब 10-15 सेकंड बाद वहां से तेंदुआ बाहर निकला। इनके हाथ में धारदार हथियारों का होना पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मेल खाता है, जिसमें तेंदुए के पैर में किसी धारदार हथियार से वार करने की बात सामने आई है।

टीम ने आरोपियों के रिहायशी मकान की भी तलाशी ली, जिसमें एक पिंजरे में बंद दो वन्य जीव (तोते) पाए गए। उन्होंने बताया कि इसके बाद वन विभाग की टीम ने दोनों आरोपियों को 3 मार्च की शाम को गिरफ्तार किया, जिन्हें 4 मार्च को अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत से विभाग को पुलिस को साथ लेकर संयुक्त रूप से मामले की गहनता से जांच के आदेश आरोपियों को कंडीशनल बेल से साथ दिए हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले की प्राथमिकी भी विभाग ने दर्ज करवाई है। अब वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे घटनाक्रम और तेंदुए के साथ हुई क्रूरता की गहन जांच कर रही है।