जिला सिरमौर कृषि विभाग से हाल ही में सेवानिवृत हुए उपनिदेशक राजकुमार ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने उन्हें पार्टी का पटका व माला पहना कर व कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेकर शामिल करवाया। इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद परमार व पच्छाद कांग्रेस ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष रणधीर पंवार भी उपस्थित रहे। आनंद परमार व रणधीर पंवार ने बताया कि सेवानिवृत्ति कृषि उपनिदेशक राजकुमार की पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सैनधार में मजबूत पकड़ है।
जिसके चलते आने वाले पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस पार्टी को इस का लाभ मिलेगा। जिला सिरमौर कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार ने बताया कि कांग्रेस पार्टी पंचायती राज चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। पंचायत के वार्ड चुनाव से लेकर जिला परिषद सदस्य तक के लिए पंचायती राज चुनाव लड़ने की रणनीति तैयार कर ली गई है। पार्टी द्वारा जल्द ही जिला परिषद सदस्यों की घोषणा भी कर दी जाएगी। इस बार जिला सिरमौर में जिला परिषद अध्यक्ष पर पूर्ण बहुमत से कांग्रेस पार्टी अपना कब्जा करेगी।