घुतनपुरा गांव में जंगली जानवरों के कान और अन्य संदिग्ध सामग्री मिलने के मामले में फॉरेस्ट विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।मामले की सूचना मिलते ही फॉरेस्ट विभाग की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। जांच के दौरान एक घर की छत से जंगली जानवरों के कान सहित अन्य सामग्री बरामद हुई, जिसके बाद संबंधित व्यक्ति को तुरंत हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
फॉरेस्ट विभाग के अधिकारी आदित्य शर्मा ने बताया कि बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि मामला अवैध शिकार से जुड़ा है या नहीं। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी तरह निष्पक्ष जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपी को आज ही मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
वहीं, वार्ड मेंबर के परिजनों ने भी इस मामले में अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि उन्हें बेवजह इस मामले में घसीटा जा रहा है और बरामद सामग्री से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना के बाद गांव में डर और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह मामला अवैध शिकार से जुड़ा है तो यह बेहद गंभीर है और इसमें सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल फॉरेस्ट विभाग पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है और आने वाले समय में जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।